शहामतगंज पुल के उद्घाटन के दूसरे दिन तेज रफ्तार दो वैगनआर कार और एक मोटर साइकिल में भिड़त होने के बाद व्यू कटर नहीं लगाने पर प्रशासन की किरकिरी होना शुरू हो गई है। पुल की किनारों से घरों की छत की अधिक दूरी नहीं होने से लोग फांदकर पुल पर आ जाते है। नया पुल होने की वजह से गाड़ियां भी अधिक गति से चल रही है। तेज गति से दौड़ रही गाड़ियों के अनियंत्रित होने से सोमवार को हादसा हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वैगनआर कार को नीचे उतारकर थाने में खड़ा किया है। रामपुर गार्डन निवासी सुधीर मदान अपने बहन किरण और स्वर्ण के साथ अपनी वैगनआर कार में डेलापीर की तरफ से आ रहे थे। विपरित दिशा से वैगनआर कार से खंडेलवाल कॉलेज के टीचर ओम पाल सिंह जा रहे थे। सुधीर ने पुल पर गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो सामने से आ रही ओमपाल की गाड़ी में भिड़ गए। वहीं बाइक सवार उर्मेंद्र पाल सिंह भी कार में जाकर भिड़ गये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यू कटर नहीं होने से बाइक सवार पुल के नीचे भी गिर सकता था।