गुलड़िया/सिरौली। सिरौली क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर में बुधवार की रात छह घरों से डकैती के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार तिवारी बृहस्पतिवार को इस वारदात की जांच करने गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से जानकारी की। बुधवार की रात आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाश गनेशपुर गांव के विद्याराम ,पप्पू, अमरपाल, श्रीपाल समेत छह घरों में घुस आए। बदमाशों ने महिलाओं के ऊपर तमंचा तानकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी व अन्य सामान पार कर दिए। इस मामले में पीड़ितों ने थाने की चौकी बड़गांव में तहरीर दी थी, लेकिन दूसरे दिन तक पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। बृहस्पतिवार को क्षेत्र अधिकारी अंजनी कुमार तिवारी यहां पहुंचे और परिवारों से जानकारी लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों की पिटाई और सीने पर तमंचा रखने से गांव के पप्पू की पत्नी उषा इतनी भयभीत हो गई कि सुबह को ही गांव छोड़कर कहीं चली गई। चूंकि बदमाशों ने इन महिलाओं से कहा था कि हम कुछ दिनों बाद फिर आएंगे। उषा को लगा कि इस बार तो किसी तरह बच गए। अगली बार बदमाश आए तो शायद नहीं बच पाएंगे। इस घटना से एक दिन पहले पिपरिया गांव में दो घरों में चोरी हुई थी, लेकिन कोई खुलासा नहीं किया गया। संवाद