केंद्रीय राज्यमंत्री समेत ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जनसभा में स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद, पूर्व मंत्री डॉ. विनोद तिवारी, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य सुरेश गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, मझोला नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह, अमरिया ब्लॉक प्रमुख निशांत सिंह समेत क्षेत्रीय भाजपा नेता मौजूद रहे।
गोशाला की जमीन पर किसी सपाई का ही रहा होगा कब्जा
सीएम योगी ने कहा कि पहले कुछ लोग राजनीतिक संरक्षण में गोशालाओं और अन्य सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लेते थे। अब ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जहां गोशालाएं बनी हैं, वहां पहले किसी सपाई का ही कब्जा रहा होगा। जब कब्जे खाली करने की चेतावनी दी तो भाग गए। हमारी सरकार की प्राथमिकता गोशालाओं की सुरक्षा, पशुधन संरक्षण और अवैध कब्जों को हटाना है।
महिलाओं ने शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पतरासा कुंवरपुर में उतरा तो उसे देखने के लिए लोगों की कतार लग गई। जैसे ही मुख्यमंत्री के मंच पर आने की घोषणा हुई, पश्चिम बंगाल के पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत किया। मंच के सामने पीलीभीत की बांसुरी का प्रतीक और फूलों से आकर्षक रंगोली बनाई गई। लोगों ने इसका फोटो-वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर कर तारीफें बटोरीं। यहां मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, एडीजी रमित शर्मा, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सुकीर्ति माधव अन्य अफसर मौजूद रहे।
12 बजे उठने वालों को नहीं दिखता गरीबों का दर्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें समय पर उठने की आदत नहीं, वे गरीबों की सुध कैसे लेंगे। जो दोपहर 12 बजे उठेंगे, दो बजे तैयार होंगे और शाम पांच बजे जिम चले जाते हैं, उन्हें गरीबों की पीड़ा समझ में नहीं आती। किसी भी प्रदेश और देश की प्रगति का आधार मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर होता है। बेहतर सड़कें, एक्सप्रेसवे, रेलवे और हवाई संपर्क आर्थिक विकास को गति देते हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार कर रही है, जिससे निवेश, उद्योग, रोजगार मिल रहा है।