अटल सेतु पर जाम में फंसी एंबुलेंस
- फोटो : संवाद
रास्ते बंद, लगा जाम, फंसी एंबुलेंस
मुख्यमंत्री के शहर में प्रवेश करते ही प्रमुख चौराहों व रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया गया। जिसके चलते आवागमन पूरी तरीके से प्रभावित हो गया। शहर के पटेल चौक से चौपुला स्थित फ्लाईओवर और चौराहे पर भीषण जाम लग रहा। बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे नजर आए।
पुलिसकर्मियों ने राहगीरों को भी नहीं जाने दिया। चौपुला पुल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीएम का काफिला गुजरने के दौरान पुल के ऊपर और नीचे आवागन बंद रहा। अटल सेतु पर भी भीषण जाम लगा रहा। यहां एक एंबुलेंस भी फंस गई। सर्किट हाऊस चौराहे के पास लगे जाम में भी एक एंबुलेंस फंस गई।
कार्यक्रम की तैयारियां और सुरक्षा
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए ऑडिटोरियम में दिन भर तैयारियां चलती रहीं। सोमवार को मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, डीआईजी अजय साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का विमान सोमवार सुबह त्रिशूल एयरपोर्ट पर उतरा था। वहां से वे पीलीभीत के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे।
सीएम के काफिले में बाधक ना बने लावारिस पशु, निगम की टीमों ने पकड़े
सीएम योगी के बरेली पहुंचने से पूर्व नगर निगम की टीमों ने शहर के चौपुला, पटेल चौक और सेटेलाइट समेत अन्य चौराहों से लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। इस दौरान पशुओं को पकड़कर कैटल केयर वाहन में बंद कर चौराहे पर वाहन खड़े कर दिए गए। इस संबंध में वाहन चालकों ने बताया कि सीएम के समीक्षा बैठक करने के दौरान तक चौराहों समेत अन्य मार्गों पर पशुओं को पकड़ने का अभियान जारी रहेगा। इसके बाद इन्हें कन्हा उपवन में छोड़ा जाएगा।