सरकार के कामों को गिनाया
सीएम योगी ने सरकार के कामों को गिनाया। कहा कि आज एक तरफ सुरक्षा और सम्मान है, दूसरी तरफ विकास और लोक कल्याण है। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत के तहत लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह भी व्यवस्था की है कि अगर कोई गरीब बीमार पड़ता है, आयुष्मान का कार्ड नहीं है या नहीं बन पाया है। अगर कोई विधायक, सांसद या भाजपा का कोई पदाधिकारी या पीड़ित भी पत्र भेज देता है तो सीधे लखनऊ से उनके जनधन खाते में पैसा भेजा जाता है। यह आपकी सरकार है। आप इसके मालिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तो कांग्रेस, सपा और बसपा के लोग कैसे थे। रसोई गैस देते नहीं थे। केरोसिन ब्लैक हो जाता था। अगर पर्व और त्योहार के दिन किसी ने अपने घर में रसोई गैस का सिलेंडर रखा है और समाप्त हो गया। वह सिलेंडर लेने गया तो उसे मिलता नहीं था। या तो पुलिस की लाठी बजती थी। अगर घर सुरक्षित आ ही गया और खाली सिलेंडर है तो घर में बेलन की मार अलग से पड़ती थी। यानि ये लोग बाहर भी पिटवाते थे और घर में भी पिटवाते थे। उन्होंने कहा कि आज 10 करोड़ लोगों को निशुल्क रसोई गैस का कनेक्शन मिल गया या नहीं।
कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मेनिफेस्टो किस प्रकार का बनाया है। कहते हैं कि अगर कांग्रेस की नेतृत्व की सरकार बन गई, जिसको समाजवादी पार्टी का समर्थन हो तो अल्पसंख्यकों को खानपान की पूरी स्वतंत्रता देंगे। योगी ने पूछा कि ऐसा कौन सा खानपान है, जिसे बहुसंख्यक समाज नापसंद करता है वे पसंद करते हैं। एक ही है गोमाता। कांग्रेस और सपा-बसपा वालों को गोमाता को काटने की छूट देंगे क्या आप? क्या पाप करेंगे आप। उन्होंने कहा कि गोमाता की रक्षा के लिए हम अपनी जान भी दे देंगे, लेकिन उनका बाल भी बांका नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गोकशी करना दूर की बात है कोई उसके बारे में सोचेगा तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार पहले ही खुल जाएंगे।
'कांग्रेस के शहजादे की तारीफ पाकिस्तान का पूर्व मंत्री कर रहा है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दे रहा है। पाकिस्तान में 23 से 24 करोड़ लोग भूख से मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद की भट्ठी है, सुलगाई उसने है तो जलेगा भी वही। लेकिन कांग्रेस के लोगों की तारीफ पाकिस्तान के लोग कर रहे हैं। कांग्रेस के शहजादे की तारीफ करने के लिए कोई दूसरा नहीं मिला। पाकिस्तान का एक पूर्व मंत्री, जिसने पुलवामा में हमारे जवानों की शहादत पर खुशियां मनाई थीं। वह व्यक्ति आज राहुल गांधी को समर्थन देने की बात कर रहा है।