आज शाम हवाओं की दिशा बदलने के आसार, उच्च वायु दाब में है शहर.. इसलिए बारिश मुश्किल
बरेली। दो दिन पहले हुई रिमझिम बारिश के बाद शनिवार को लोगों को खासी राहत मिली। हवाओं की दिशा बदलने से सुबह आसमान साफ रहा और चटख धूप खिली। मौसम विभाग ने सोमवार को फिर हल्के बादल मंडराने के आसार जताए हैं, लेकिन बारिश नहीं होने की उम्मीद जताई है। अगले करीब हफ्ते भर आसमान साफ रहने के आसार हैं।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक शुक्रवार की सुबह हवाओं की दिशा फिर से बदल गई। पूर्व दक्षिण पूर्व दिशा से हवा चलने पर मंडरा रहे बादलों का जमावड़ा खत्म होने से चटख धूप खिली। उन्होंने सोमवार को फिर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी जारी रहने की आशंका जताई है। मगर बारिश की संभावना से इनकार किया है। डॉ. गुप्ता का कहना है कि शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शहर में उच्च वायु दाब क्षेत्र बन गया है। इसके चलते बादलों का जमावड़ा लगने के बाद भी बारिश नहीं होगी। हालांकि, हवा में नमी का प्रतिशत बढ़ने के चलते हवाओं में हल्की ठंड का एहसास लोगों को होगा। शनिवार को दिन भर खिली धूप के चलते अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी दर्ज की गई।