सावन का तीसरा रविवार पुलिस के लिए चुनौती भरा होगा। रविवार को एक तो सिविल सर्विसेज प्री की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों की भीड़ होगी, और दूसरे शहर में कांवड़ियों का रेला होगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन खासा टेंशन में है।
इस रविवार को शहर में करीब सौ जत्थों में 20 हजार से अधिक कांवड़ियों के सड़कों पर रहने का अनुमान है। इनमें जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल लेने को जाने वाले और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले दोनों ही कांवड़िए शामिल रहेंगे। इनके अलावा कांवड़ियों को रवाना करने वाले परिवारीजन और उनका स्वागत करने वाले भी सड़कों पर रहते हैं। पिछले साल जोगीनवादा के कांवड़ियों के रास्ते को लेकर पुराना शहर में विवाद के बाद हंगामा हुआ था। जोगीनवादा को कांवड़ियों का जत्था भी रविवार को रवाना होगा, जिसमें चार-पांच सौ कांवड़िया शामिल होने का अनुमान है। हरिद्वार रवाना हो चुके बानखाना मोहल्ले के कांवड़ियों का जत्था रविवार को वापस होगा। इस तरह रविवार को शहर में कांवड़ियों रेला उमड़ेगा।
15 हजार परीक्षार्थियों की रहेगी भीड़
रविवार को शहरी क्षेत्र के 33 केंद्रों पर प्रस्तावित सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा में 15017 अभ्यर्थी भाग लेगे। प्रथम पाली की परीक्षा प्रात: 9:30 बजे, द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे शुरु होगी। परीक्षा केंद्र शहर के विभिन्न इलाकों में हैं। इससे परीक्षार्थियों के आने-जाने के समय शहर में जबरदस्त भीड़ रहेगी।
सुरक्षा के रहेंगे विशेष इंतजाम
परीक्षा को लेकर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा, चार कांस्टेबल और दो महिला सिपाही को लगाया गया है। इसके अलावा सर्किल अफसर और थाना प्रभारी भी निगरानी रखेंगे। शहर के सभी प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहेंगे।
आईसीएससी परीक्षार्थियों और कांवड़ियों दोनों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस रहेगी। कांवड़ियों के जत्थों के साथ पुलिस वाले मौजूद रहेंगे। - समीर सौरभ, एसपी सिटी