मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-नेशनल हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे फाटक पर जाम की समस्या खत्म नहीं हो रही है। रात्रि कर्फ्यू के चलते मंगलवार सुबह वाहनों की संख्या बढ़ी तो नेशनल हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान जाम में फंसे लोग खासे परेशान रहे।
कोरोना संक्रमण के चलते कई शहरों में रात्रि कर्फ्यू लागू है। इसकी वजह से रात में वाहनों का आवागमन कम हो जाता है। रात में जहां-तहां रुके वाहन सुबह को दौड़ना शुरू होते हैं। इस वजह से नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इसी के चलते मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से वाहनों की लाइनें लंबी होती चली गईं। पुलिस करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवा सकी। हालांकि इसके बाद भी वाहन रेंगते रहे। जाम में फंसे वाहनों में सवार लोग गर्मी की वजह से परेशान रहे। दोपहर करीब 12 बजे तक जाम से राहत मिल सकी।