उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल ‘नंदी’ ने गुरुवार को कहा कि विजय माल्या की किंगफिशर और जेट जैसी कुछ विमानन कंपनियां डिफाल्टर घोषित होने के बाद अब बैंक अब नई कंपनियों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। जिस कारण बैंकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में बरेली से उड़ान कुछ माह तक टलना फिलहाल तय हो गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय अब अगले माह अन्य कंपनियों बुलाएगा, जिसमें नए टेंडर होंगे। यह प्रक्रिया पूरी होने में चार-पांच महीने लग सकते हैं। यानी बरेली वाले होली तक तो हवाई सेवा भूल ही जाएं।
एक बातचीत में यूपी के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल ने बताया कि आर्थिक अपराध और अनियमितताएं बढ़ने से कई बैंक संकट में आ गए है। इसलिए बैंकिंग प्रणाली अब काफी सख्त हो गई है। विमानन कंपनियों पर बैंक यकीन नहीं कर पा रहे हैं। इसमें निवेश को भारी भरकम रकम की जरूरत होती। जेट ने बरेली समेत कई स्थानों से उड़ान शुरू करने के लिए टेंडर लिए थे।
इस बीच कंपनी आर्थिक संकट में फंस गई। दूसरी कंपनी टर्बो अभी तक विमान खरीद नहीं कर पाई है, इसलिए बरेली से हवाई सेवाएं कुछ महीने तक शुरू नहीं हो पाएंगी। नंदी ने बताया कि अगले महीने नई कंपनियों को न्योता दिया जा रहा है। उनसे टेंडर मांगे जाएंगे, जिसके बाद ही तय होगा कि कौन सी कंपनी बरेली और अन्य स्थानों से उड़ान शुरू करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में चार-पांच महीने लगने की संभावना है।
सभी मंडलों से सस्ती हवाई सेवा
नागरिक उड्डयन मंत्री नंदी ने बताया कि बरेली समेत यूपी के सभी 18 मंडल देश और प्रदेश की राजधानी से हवाई सेवा के जरिये जोड़े जाएंगे। इसके तहत 11 स्थानों पर मिनी एयरपोर्ट प्रस्तावित हैं। बरेली समेत सात स्थानों पर हवाईअड्डे तैयार हैं। नोएडा समेत कुछ स्थानों से सेवाएं शुरू भी हो गई हैं, जिन स्थानों पर विमानन कंपनियां अभी तक सेवाएं शुरू नहीं कर सकी हैं, उनकी जगह दूसरी कंपनियों को मौका मिलेगा।
महाराष्ट्र, हरियाणा के अलावा यूपी में उपचुनाव के परिणामों पर नंदी ने कहा कि सीटें कम ज्यादा होती रहती हैं लेकिन भाजपा आगे है और सरकार बनाएगी। पिछले ढाई साल में सरकार ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। स्वतंत्रता रक्षक सेनानियों की एकमुश्त पांच हजार रुपये पेंशन बढ़ाने का काम यूपी सरकार ने ही किया। एक भी होमगार्ड बाहर नहीं किया जाएगा, इसके लिए भी सरकार ने आदेश जारी कर दिया है।