बरेली। बदायूं रोड पर नदी की जमीन पर कब्जा कर पुल बनाने के मामले में दूसरे दिन स्थिति यथावत रही। प्रशासन की रोक के बाद मौके पर कोई निर्माण नहीं हुआ। वहीं शनिवार की घटना को लेकर आरोपी पक्ष के माफी नामा लिखने के बाद दोनों पक्षों में समझौते की भी बात सामने आ रही है। हालांकि शिकायतकर्ता पूरे मामले की जल्द से जल्द जांच और कार्रवाई की मांग पर दूसरे दिन भी अड़ा रहा। उधर, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर काम रुकवाने और मामले की जांच कराने की बात कह रहे हैं। इसके लिए बीडीए और सिंचाई विभाग से भी कहा गया है। स्थानीय लेखपाल को पैमाइश के लिए लगा दिया गया है।
दरअसल, रामचंद्रपुरम् कॉलोनी निवासी भाजपा नेता आर्येंद्र मिश्रा ने एसडीएम सदर से शिकायत की कि एक बिल्डर महेश गुप्ता सुभाषनगर की करेली ग्राम पंचायत के अंतर्गत बदायूं रोड पर करगैना में कॉलोनी बना रहा है। उसने कॉलोनी के रास्ते पर पुल बनाने के लिए नदी की जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने ग्राम प्रधान के साथ एसडीएम सदर से इसकी शिकायत की थी। आरोप है कि इसे लेकर बिल्डर पक्ष की ओर से शुक्रवार रात भाजपा नेता के साथ गाली गलौज की गई। वहीं, शनिवार को मारपीट की कोशिश की गई। मामला गर्माया तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय थाने में हंगामा कर दिया। हालांकि शनिवार की इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। वहीं दूसरे दिन मौके पर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहा।
पुल निर्माण के लिए सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की जांच लेखपाल से कराई जा रही है। मौके पर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया है। सिंचाई विभाग और बीडीए से भी मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। संबंधित पक्ष को जांच पूरी होने तक निर्माण पूरी तरह बंद रखने को कहा गया है। सरकारी भूमि पर किसी को भी निर्माण नहीं करने दिया जाएगा।
- ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम सदर