बरेली। कोरोना वायरस से चल रही जंग में लाइट फॉर यूनिटी का संदेश देने के लिए शहरवासियों ने बढ़चढ़कर अपना योगदान दिया। कहीं चराग तो कहीं दीये जलाकर गंगा जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द का परिचय दिया। इस दौरान जय श्री राम और भारत माता की जय के गगनभेदी जयघोष से शहर गुंजायमान हो उठा। लोगों ने लाइट फॉर यूनिटी में अपनी हिस्सेदारी की तस्वीरें क्लिक कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर खूब तारीफें भी बटोरीं।
रविवार को सुबह से ही रात नौ बजने का इंतजार शहरवासियों को था। रात नौ बजने से पहले ही घरों में दीयों को रौशन करने को लेकर चहल पहल शुरू हो गई। नौ बजते ही घर मंदिर बन गया और शहर में दीपावली जैसा नजारा दिखाई देने लगा। पीलीभीत बाईपास स्थित कॉलोनियों में लोगों ने घरों की छतों पर मोमबत्ती और दीये जलाए। सतीपुर के शिव मंदिर को दीयों से बेहद ही खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। सुरेश शर्मा नगर में लोग थालियां और घंटी भी बजा रहे थे। कांकरटोला पुलिस चौकी भी गुलजार थी। इसके अलावा मॉडल टाउन, सनसिटी विस्तार, नॉर्थ सिटी, नॉर्थ सिटी एक्सटेंशन, महानगर, सिविल लाइंस, संजय नगर, पवन विहार, भरतौल, हरुनगला शेल्टर होम, कांकरटोला, कुर्मांचल नगर, स्वालेनगर आदि सभी इलाके दीये की रौशनी से गुलजार रहे।
कोरोना भगाओ, देश बचाओं का संदेश
कांकरटोला थाना क्षेत्र में एक महिला ने दीयों के जरिए कोरोना भगाओ, देश बचाओ लिखकर बेहद आकर्षक तरीके से लाइट फॉर यूनिटी का हिस्सा बनीं। हरुनगला शेल्टर होम, अनाथालय आदि में रह रहे बेसहारों ने भी पीएम मोदी के अभियान में शामिल होने का संदेश दिया। भरतौल में भारत के आकार से सजावट कर दीये जलाए तो मानो पूरा भारत जगमग हो गया। कमोवेश ऐसा ही नजारा शहर के हर इलाके का रहा। बच्चे, बुजुर्ग, नौजवान सभी ने अपनी भागेदारी दी।
दीपावली सा रहा नजारा, पटाखे भी जले
लाइट फॉर यूनिटी में दीये, मोमबत्ती, मोबाइल की फ्लैश लाइट या टॉर्च से रौशन करने की अपील थी। मगर, इससे एक कदम आगे जाकर लोगों ने दीपावली ही मना ली। दीयों से घर जगमग करने के बाद पटाखे भी जलाए। पटाखे जलाने पर बीसीबी के एमिरेट प्रोफेसर डॉ. डीके सक्सेना का कहना है कि खुशियों को अपने तरीके से लोगों ने जाहिर किया। बताया कि दीपावली की अपेक्षा एक फीसद भी पटाखे नहीं जले हैं। ऐसे में प्रदूषण के स्तर में कोई खास बढ़त नहीं दर्ज होगी।