पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली एलएलएम की छात्रा फिरौती मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए पिता और भाई के साथ प्रयागराज चली गई। माना जा रहा है कि वह 23 सितंबर को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की कोशिश करेगी। वहीं इस मामले की जांच कर रही एसआईटी सोमवार को हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करेगी। माना जा रहा है कि यदि छात्रा को अग्रिम जमानत नहीं मिली तो उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।
दरअसल एसआईटी ने अपनी जांच में जहां छात्रा के आरोपों के साथ चिन्मयानंद को दोषी पाया है वहीं पांच करोड़ की फिरौती मामले में संजय, विक्रम, सचिन के साथ छात्रा को भी दोषी पाया। स्वामी और फिरौती के आरोपी युवकों को जेल भेजे जाने के बाद अब यह तय है कि छात्रा की भी गिरफ्तारी होगी।
इसी को लेकर एसआईटी शनिवार को देर शाम जेल में पहुंची थी और सचिन, संजय, विक्रम के फिर बयान दर्ज किए। चूंकि छात्रा को भी अहसास है कि पुलिस उसे कभी भी गिरफ्तार कर सकती है इसलिए उसने हाईकोर्ट की महिला वकीलों से राय लेनी शुरू कर दी और अपने पिता और भाई के साथ प्रयागराज पहुंच गई है।
हालांकि अभी पुलिस उसकी सुरक्षा में लगी है लेकिन यदि उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हुआ तो वह पुलिस की गिरफ्त में होगी।
एसआईटी के अफसर गए प्रयागराज, फोरेंसिक टीम कर रही जांच
चिन्मयानंद और छात्रा प्रकरण की जांच लगभग पूरी होने के बाद जहां एसआईटी के अफसर सोमवार को होने वाली सुनवाई के दौरान दोनों मामलों की जांच रिपोर्ट सौंप सकते हैं। वहीं पुलिस लाइन स्थित एसआईटी कार्यालय में मौजूद एसआईटी फोरेंसिक व सर्विलांस टीम रविवार को भी अधूरी जांच को पूरा करने में लगी रही।