बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रावास में मारपीट की घटनाओं व विश्वविद्यालय परिसर में आए दिन अनुशासनहीनता के मामले सामने आने के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह को पद से हटा दिया गया है। अब सीएसआईटी विभाग के प्रो. रविंद्र सिंह को शिक्षण कार्य के अतिरिक्त चीफ प्रॉक्टर पद का दायित्व दिया गया है। विश्वविद्यालय में चर्चा है कि अनुशासन न बना पाने पर ही प्रो. एके सिंह को हटाया गया है।
प्रो. एके सिंह रुहेलखंड विश्वविद्यालय में दो वर्षों से चीफ प्रॉक्टर पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस दौरान अनुशासन व्यवस्था को चुनौती देने वाली कई घटनाएं सामने आईं। पिछले वर्ष उनके कार्यालय में ही समाजवादी युवजन सभा व एबीवीपी के पदाधिकारी के बीच जमकर मारपीट हुई। इस वर्ष छात्रावास में बड़े स्तर पर मारपीट हुई, जिसमें विद्यार्थी घायल हुए। इसके बाद भी छात्रावास में आए दिन विद्यार्थियों की झड़प होती रही। छात्राओं की शिकायतों का भी गंभीरता से समाधान नहीं किया गया। ऐसे में कुलपति प्रो. केपी सिंह के निर्देश पर कुलसचिव ने पत्र जारी कर बदलाव किया है।
खेल विभाग में भी हुआ बदलाव
कुलसचिव संजीव कुमार के अनुसार प्रो. आलोक श्रीवास्तव के स्थान पर सीएसआईटी विभाग के प्रो. एसएस बेदी को क्रीड़ा सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें डॉ. विजय सिन्हाल, डॉ. अजीत सिंह को सह क्रीड़ा सचिव व डॉ. नीरज सिंह, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. इरम नईम को सहायक क्रीड़ा सचिव का दायित्व दिया गया है। इसमें प्रो. आलोक श्रीवास्तव को हाल में शोध निदेशालय के निदेशक पद की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वह अन्य विभागों में प्रभारी की भूमिका में हैं।