फरीदपुर। छंगामल मॉन्टेसरी सीनियर सेकंडरी स्कूल में चल रही दो दिवसीय मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा का बुधवार को समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में मेजबान स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। श
बालक और बालिका वर्ग के क्रिकेट मुकाबलों में छंगामल मॉन्टेसरी स्कूल ने विजेता ट्रॉफी जीती। वॉलीबॉल के बालक व बालिका वर्ग और कबड्डी के बालक वर्ग में भी छंगामल स्कूल के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। एथलेटिक्स मुकाबलों में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
100 मीटर दौड़ की बालिका वर्ग में रोटरी स्कूल की अंशिका सिंह और छंगामल मॉन्टेसरी की आराध्या ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में प्रेरणा पब्लिक स्कूल के हर्षित विजेता रहे। 200 मीटर दौड़ में छंगामल की प्रांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। विभिन्न आयु वर्ग के बालकों में सुमित, आयुष, अनंत और स्पर्श ने भी पहला स्थान पाया।
विनायक इंटरनेशनल स्कूल ने कबड्डी (बालिका वर्ग), भाषण प्रतियोगिता और खो-खो (बालक वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य भरत पांडेय, पवन अग्रवाल, महेश कुमार चौधरी आदि उपस्थित रहे।