कारोबार में लगातार घाटे से परेशान रुद्रपुर के एक ट्रांसपोर्टर को रिठौरा के एक तांत्रिक की मदद लेना और ज्यादा भारी पड़ गया। तांत्रिक ने उसके घर में करोड़ों का धन दबे होने का ख्वाब दिखाया और उससे ढाई लाख रुपये और ठग लिए। गनीमत हुई कि घर में खुदाई करने से पहले ही ट्रांसपोर्टर को ठगी का एहसास हो गया, उसने पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने 1.08 लाख रुपये में तांत्रिक से उसका समझौता करा दियाल हालांकि इसके बावजूद तांत्रिक ने उसे सिर्फ 75 हजार दिए और पांच हजार रुपये पुलिस का खर्च बता दिया।
रुद्रपुर के भदईपुरा मोहल्ले में रहने वाले ट्रांसपोर्टर सुनील रस्तोगी अब अपनी बाकी रकम और तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए दौड़भाग कर रहे हैं। सुनील के मुताबिक पिछले साल नवंबर में उन्हें कारोबार में बड़ा घाटा हुआ था। एक दोस्त की सलाह पर उन्होंने रिठौरा के एक तांत्रिक से संपर्क किया तो वह एक साथी को लेकर उनके घर आ गया। घर में पूजा के नाम पर 11 हजार रुपये ऐंठ लिए। चार दिन बाद फिर लौटा, उन्हें बताया कि उनके घर में करोड़ों का धन गड़ा है। अगर उसे नहीं निकाला गया तो घर में किसी की मौत हो जाएगी। घबराए ट्रांसपोर्टर को तांत्रिक लगातार डराता रहा और उनसे कुल मिलाकर 2.70 लाख रुपये झटक लिए।
इसी बीच तांत्रिक की बातों से सुनील को एहसास हो गया कि वह उनके साथ ठगी कर रहा है। इस पर उन्होंने 29 अक्तूबर को रिठौरा आकर पुलिस चौकी पर तहरीर दी। ट्रांसपोर्टर के मुताबिक चौकी प्रभारी ने तांत्रिक को बुलाया तो मगर 1.08 लाख में ही समझौता करा दिया। इसके बाद भी तांत्रिक ने उन्हें सिर्फ 75 हजार रुपये दिए। इसमें भी पांच हजार रुपये पुलिस खर्च बताकर काट लिए। अब पुलिस भी तांत्रिक पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
बरेली के कई नेताओं पर मेरे एहसान चाहूं तो टॉयलेट साफ करा सकता हूं
ठगी के शिकार हुए ट्रांसपोर्टर सुनील ने तांत्रिक के साथ फोन पर हुई बातचीत के कई ऑडियो भी वायरल किए हैं। इनमें तांत्रिक बरेली और रिठौरा के कई बड़े नेताओं का नाम लेकर उन्हें अपना मुरीद बता रहा है। यह भी कहा रहा है कि ये नेता उसके एहसानों से इतने ज्यादा दबे हुए हैं कि वह चाहे तो उन्हें बुलाकर अपना टॉयलेट तक साफ करा सकता है। रिठौरा के पूर्व चेयरमैन के 25 साल पुरानी सियासत को भी उसने तहस-नहस कर दिया है। वह सुनील को यह कहकर भी डरा रहा है कि वह महाकाल का चेला है, उससे पंगा लिया तो उसके घर में गड़ा त्रिशूल उसे बर्बाद कर देगा।
यह ठगी रिठौरा में नहीं की गई। ट्रांसपोर्टर ने लेनदेन की शिकायत की थी जिसके बाद दोनों पक्षों ने बैठकर समझौता कर लिया है। - पवन कुमार, रिठौरा चौकी प्रभारी
मामला मेरी जानकारी में नहीं है। अगर ट्रांसपोर्टर कोई लिखित शिकायत करेंगे तो साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात