बरेली। छात्रों को फर्जी डिग्री देने और करीब चार करोड़ की ठगी के मामले में आरोपी शेर अली जाफरी व उसके गुर्गों को सख्त सजा की पैरवी के लिए कुछ पीड़ित छात्रों ने सोमवार को कोर्ट का रुख किया। हालांकि गेट पर ही पुलिस ने इन्हें समझाकर वापस भेज दिया।
पुलिस ने शेर अली जाफरी समेत छह लोगों के खिलाफ कुछ दिन पहले कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। कोर्ट भी सैकड़ों छात्र-छात्राओं से जुड़े मामले में तेजी से कार्रवाई करने जा रहा है। बताया जा रहा है कि केस को सुनवाई के लिए ट्रायल पर ले लिया गया है। छात्रों को जानकारी हुई तो वह कोर्ट में यह गुहार करने निकल पड़े कि आरोपियों के खिलाफ अधिकतम कार्रवाई की जाए।
करीब 30 छात्रों का समूह दोपहर के वक्त कोर्ट के गेट पर पहुंचा तो सुरक्षा में लगी कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने उन्हें गेट के बाहर ही रोक दिया। आक्रोशित छात्रों की पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। कोतवाल अमित पांडेय ने बताया कि छात्रों को समझा दिया गया कि पुलिस ने अपनी ओर से मजबूत चार्जशीट लगा दी है। कोर्ट उसका परीक्षण व सुनवाई कर अपनी कार्रवाई करेगा। इस तरह कोर्ट में जाना सही नहीं है। तब छात्र लौट गए। संवाद