बरेली। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत सड़कों को चमकाने पर 38.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्ययोजना को अंतिम रूप देने और पहले से चल रहे कार्यों को रफ्तार देने के लिए सोमवार को महापौर उमेश गौतम ने निर्माण विभाग के अभियंताओं के संग बैठक की। बैठक में महापौर ने कहा कि गली-मोहल्लों की सड़कों के साथ प्रमुख मार्गों के फुटपाथ का सुंदरीकरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन सड़कों और नालियों के निर्माण में तय अवधि बीत गई है, उनकी सूची सामने रखकर कार्रवाई करें। एनसीएपी और 15वें वित्त आयोग से जुड़े विकास कार्यों में विलंब न होने पाए। अगर देरी होती है तो जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में उन्होंने पाया कि 26.21 करोड़ रुपये की लागत से 130 विकास कार्य प्रस्तावित किए गए थे। इसमें गली-मोहल्लों की सड़कों का निर्माण, नालियां, फुटपाथ बनवाए जाने थे। निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कराने में देरी की है। महापौर ने अभियंताओं से कहा कि जल्दी ही काम शुरू कराएं। बैठक में मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी भी मौजूद रहे। ब्यूरो