बरेली। बिटकॉइन में निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर ठगों ने युवक से रुपये ट्रांसफर करा लिए। बारादरी थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आशीष रायल पार्क निवासी रेयान खान ने बताया कि अप्रैल में उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर बताया गया कि रेस्टोरेंट की रेटिंग करने पर 150 रुपये मिलेंगे। ग्रुप में भेजे गए लिंक के जरिये रेस्टोरेंट की रेटिंग की। इसके बदले उनके खाते में 150 रुपये कई बार आए। इसके बाद ठगों ने अपनी कंपनी आरपीएफएएस टेक्नोलीज प्राइवेट लिमिटेड के बारे में बताया और बिटकॉइन में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कराने का झांसा दिया। टेलीग्राम ग्रुप से भी जोड़ लिया। इसके बाद रेयान से कई बार में निवेश कराने के बहाने करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रेयान ने जब मुनाफे समेत रकम लौटाने को कहा तो ठगों ने दो लाख रुपये देने पर रकम लौटाने की बात कही। इस पर रेयान को ठगी का अहसास हुआ। रेयान की शिकायत पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो