रैंप बनाने के लिए पुलिस लाइन रोड पर भी शुरू कर दी खोदाई
विज्ञापन
सिटी स्टेशन की तरफ रैंप बनाने का पचास फीसदी काम पूरा
बरेली। सेतु निगम ने निर्माणाधीन चौपुला फ्लाईओवर के तीनों छोरों पर रैंप तैयार करने शुरू कर दिए हैं। सिटी स्टेशन की तरफ खोदाई का काम पूरा होने के बाद पत्थर लगाकर भराव शुरू कर दिया गया है, जबकि पुलिस लाइन और पटेल चौक की तरफ खोदाई का काम शुरू कर दिया गया है। चौराहे तक पुल की छत भी डाल दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि मई तक फ्लाईओवर का काम पूरा हो जाएगा।
चौपुला पर 66 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे 780 मीटर लंबे फ्लाईओवर का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। चौपुला चौराहे से सिटी स्टेशन की तरफ के सभी पिलर पर छत तैयार की जा चुकी है। अब यहां रैंप बनाया जा रहा है। इसका काम भी लगभग पचास फीसदी पूरा हो चुका है। पत्थर लगाकर रेत का भराव हो गया है। अब रोलिंग का काम किया जा रहा है। चौराहे पर छत डालने के लिए जाल तैयार करने का काम हो रहा है। पटेल चौक की तरफ उतरने वाले हिस्से पर भी रैंप बनाया जा रहा है। पुलिस लाइन रोड पर भी रैंप के लिए खोदाई शुरू हो गई है।
सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक फ्लाईओवर के तीनों रैंप तैयार हो जाएंगे। सिटी स्टेशन और पटेल चौक की तरफ उतरने वाले हिस्से पर रैंप का लगभग आधा काम पूरा हो चुका है, जबकि पुलिस लाइन रोड पर काम शुरू कर दिया गया है। अब चौराहे पर छत डालने की तैयारी है। इसे भी जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि मई से इस फ्लाईओवर पर ट्रैफिक दौड़ना शुरू हो जाएगा।