चौधरी तालाब क्रासिंग को पूरी तरह से बंद करने पर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस और आरपीएफ ने किसी तरह से मामला संभाला। आसपास के लोगों ने विरोध में पथराव किया तो पुलिस ने डंडे फटकारकर उन्हें भगा दिया।
जंक्शन से इज्जतनगर जंक्शन के बीच चौधरी तालाब क्रासिंग को रेलवे के अधिकारियों ने बुधवार दोपहर दोनों तरफ खाई खुदवाकर पूरी तरह से बंद कर दिया। विरोध में मोहल्ले के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। उन्होंने क्रासिंग को बंद करने का विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि क्रासिंग बंद होने से पूरे इलाके के लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। डेयरी चलाने वालों को भी काफी दिक्कत होगी। सूचना पर आरपीएफ के कन्हैया सिंह और किला इंस्पेक्टर मोहम्मद कासिम ने पहुंचकर भीड़ को समझाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पुल क्रासिंग बंद के लिए ही बनाया गया है। इस रेलमार्ग पर चलने वाले ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। क्रासिंग बंद न होने पर आए दिन हादसे होते रहेंगे। भीड़ में शामिल शरारती लड़कों ने पुलिस और आरपीएफ पर पथराव करना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने डंडे फटकारकर लड़कों को भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि क्रासिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इसी को लेकर कुछ लोग विरोध कर रहे थे। सबको समझाकर घर भेज दिया। कोई खास बात नहीं थी।