नगर परिषद चुनाव में मतदान के दौरान पथराव करने के मामले में नामजद चेयरपर्सन शहला ताहिर ने कोर्ट में सरेंडर के लिए अर्जी दी है। शहला ने अपने वकील के माध्यम से मुंसिफ कोर्ट में दी अर्जी में इस मामले में वांछित अपने 15 समर्थकों के भी समर्पण करने की बात कही है। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए 21 दिसंबर की तारीख तय की है।
नवाबगंज नगर परिषद से अध्यक्ष पद पर शहला ताहिर के मुकाबले भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर की अनुज वधू प्रेमलता राठौर भी चुनाव लड़ी थीं। मतदान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ स्टैंडर्ड मॉरल स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर जायजा लेने गए थे। उसी दौरान बसपा प्रत्याशी शहला ताहिर और उनके समर्थकों ने पथराव कर दिया था। इसमें भाजपा समर्थक विजय राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले की रिपोर्ट विजय राठौर की ओर से शहला ताहिर, उनके पति डॉ. मोेहम्मद ताहिर समेत 27 नामजद और पचास अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में एक नामजद समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि शहला ताहिर और उनके पति समेत बाकी अभियुक्त फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। सोमवार को शहला ताहिर समेत 16 लोगों ने वकील के जरिये मुंसिफ कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दी है। इस पर 21 दिसंबर को सुनवाई होगी।