बरेली। ओमान में खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत की एक विकेट से जीत पर शहर के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने जश्न मनाया। स्थानीय क्रिकेट अकादमियों और मैदानों पर पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों का कहना है कि यह जीत इस बात का सबूत है कि आखिरी गेंद तक हार न मानने का जज्बा मैच का पासा पलट सकता है। भारतीय टीम की यह जीत शहर के खिलाड़ियों के लिए प्रेरक साबित होगी। संवाद
जज्बे का खेल है क्रिकेट
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले ने साबित कर दिया है कि क्रिकेट दबाव में मानसिक रूप से मजबूत रहने और हार न मानने के जज्बे का खेल है। शहर के अकादमियों में पसीना बहाने वाले बच्चों के लिए यह मैच एक परफेक्ट क्लासरूम की तरह है। यह सिखाता है कि मैदान पर कभी हार नहीं माननी चाहिए। - नितेश भारद्वाज, क्रिकेट कोच
जब मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर था, तब टीवी स्क्रीन से नजरें हटाना मुश्किल हो गया था। आखिरी ओवर के रोमांचक पल और फिर आखिरी गेंद पर जीत के चौके ने मेरे जैसे तमाम युवा खिलाड़ियों का दिल जीत लिया। मोहम्मद उल्वा और मनाल चौहान ने जिस तरह मुश्किल समय में जिम्मेदारी संभाली, वह काबिले तारीफ रही। - कनक, क्रिकेट खिलाड़ी