बरेली। सर्वाधिक हादसों वाले ब्लैक स्पॉट्स पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस की मदद से कार्ययोजना परिवहन विभाग तैयार कर रहा है। इसके अलावा नई सड़क बनाए जाने के समय ही सुरक्षा के जरूरी इंतजामों को डीपीआर में शामिल किया जाएगा।
शुक्रवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने ब्लैक स्पॉट्स पर सीसीटीवी की योजना पर काम कराने के लिए कहा। उनका कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सुरक्षात्मक उपाय जरूरी हैं। पूरे मंडल में 128 ब्लैक स्पाॅट्स हैं, जिनमें से 106 को सुधारा गया है। बदायूं में दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है। एजेंसी ने बताया कि बदायूं से उसावां रोड पर भी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बिसौली रोड पर छह ब्लैक स्पॉट्स हैं। यह सबसे व्यस्त रोड है और दुर्घटनाएं भी अधिक होती हैं। यहां भी सुधार किए जा रहे हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क बनाने के लिए डीपीआर में ही सुरक्षा उपाय शामिल किए जाने चाहिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि ब्लैक स्पाॅट्स पर एसपी सिटी की देखरेख में सीसीटीवी लगाए जाने हैं। जहां कैमरों की आवश्यकता हो। उसकी मांग भेज दी जाए, जिससे समय पर खरीद हो सके। बरेली में ब्लैक स्पाॅट्स पर अच्छा काम हुआ है। दूसरे जिले भी अपने यहां बरेली से सीखकर सुधार करें। बरेली के अधिकारियों से कहा कि 100 फुटा रोड पर शोल्डर में मिट्टी का भराव कराएं। बीसलपुर चौराहे से हरूनगला रोड और कैंट स्थित सेंट मारिया रोड पर भी इसी तरह मिट्टी भराव की आवश्यकता है। पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट पेट्रोल दोपहिया वाहन चालकों को न मिले। बैठक में आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। ब्यूरो