फरीदपुर। क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन निकाह करने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मारपीट कर घर से निकालने के आरोप में पुलिस ने आरोपी अनस, मुस्कान और रहनुमा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने माता-पिता और तीन छोटी बहनों के साथ रहती है। वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात ग्राम मोहनपुर निवासी अनस से हुई थी। आरोप है कि अनस ने बातों में उलझाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा दिया। किशोरी के अनुसार, उसने कम उम्र होने का हवाला दिया तो आरोपित ने डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आठ मई को अनस और उसके परिवार वालों के डर से किशोरी का निकाह आरोपी अनस के घर पर करा दिया गया, जिसमें उसके माता-पिता शामिल नहीं हुए।
किशोरी का कहना है कि उस समय उसकी उम्र करीब 15 साल थी। निकाह के बाद भी उसने संबंध बनाने से मना किया, लेकिन आरोपित ने शादी की रात ही गांव मोहनपुर में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद अनस की बहन मुस्कान और मां रहनुमा ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया और मारपीट कर आठ अगस्त को घर से बाहर निकाल दिया
किशोरी ने बताया कि 25 अक्तूबर को तबीयत खराब होने पर उसने अपनी मां को गर्भवती होने की जानकारी दी, जिस पर मां ने पुलिस को फोन किया। तबीयत ठीक न होने के कारण वह पहले बयान नहीं दे सकी थी। अब थाने पहुंचकर उसने मां के सामने अपना बयान दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत किया है। फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। संवाद