पीलीभीत में पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद के परिवार में विधानसभा चुनाव के लिए सपा का टिकट किसी को नहीं मिला। तमाम समर्थक मंगलवार को दोपहर चंदोई स्थित उनके लॉ कालेज में एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन नहीं है।
निषेधाज्ञा की धारा 144 का भी उल्लंघन हो रहा है। मौके से लौटी पुलिस ने कोतवाली में पूर्व मंत्री के बेटे सपा नेता शाने अली के 250 से अधिक समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया है। इसमें 18 नामजद हैं।
विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद के पुत्र शाने अली सदर विधानसभा क्षेत्र का सपा से टिकट मांग रहे थे। इसी दौरान 24 जनवरी को इस सीट पर डॉ. शैलेंद्र गंगवार के नाम की घोषणा हो गई। शाने अली को टिकट नहीं मिलने पर मंगलवार को उनके समर्थक बड़ी संख्या में कैंप कार्यालय/ लॉ कालेज पहुंचकर बैठक करने लगे।
इसकी सूचना पुलिस को लग गई। सदर कोतवाली के एसआई विनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर देखा, तो वाहनों का काफिला खड़ा हुआ था। अंदर ढाई सौ समर्थक बैठक कर रहे थे। जो धारा 144 सीआरपीसी का उल्लंघन है। कोरोना से बचाव की गाइड लाइन का भी पालन नहीं हो रहा था। वहां से लौटकर ही रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।