बरेली। रूहेलखंड नहर खंड के लेखाधिकारी हरेंद्र वर्मा की बाइक को सेटेलाइट पर टैंकर ने टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठीं लेखाधिकारी की पत्नी की टैंकर के पहिये से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लेखाधिकारी और उनका छह वर्षीय पुत्र जख्मी हो गया। उनका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया है।
मूलरूप से बलिया के रहने वाले हरेंद्र वर्मा रूहेलखंड नहर खंड में लेखाधिकारी हैं। वह अपने परिवार के साथ बरेली की ग्रेटरग्रीन नार्क में रहते हैं। बृहस्पतिवार शाम को हरेंद्र अपनी पत्नी अनीता वर्मा के साथ बाइक से बाजार में करवाचौथ के सिलसिले में खरीददारी करने आए थे। उनके साथ छह वर्षीय पुत्र आयुष भी था। शाम सवा सात बजे खरीददारी करके बाजार से लौटते समय सेटेलाइट के पास पहुंचते ही पीछे से आए टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार हरेंद्र की पत्नी बाइक से गिरकर टैंकर के नीचे आ गईं। जिससे उनकी पहिये से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैंकर की चपेट में आकर हरेंद्र और उनका पुत्र आयुष घायल हो गए। चालक मौके पर ही टैंकर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंचे जगतपुर चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह यादव ने टैंकर कब्जे में ले लिया। साथ ही घायल हरेंद्र और आयुष का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अनीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
0
मां के बारे में पूछ रहे बड़े बेटे को क्या जवाब दूं मैं
हरेंद्र छोटे बेटे आयुष को अपने साथ लाए थे, जबकि बड़ा बेटा आदित्य घर पर ही था। देर रात तक घर न लौटने पर आदित्य ने हरेंद्र को फोन किया पापा आप और मम्मी कहां हो। बेटे को हरेंद्र कोई जवाब नहीं दे पाए। बस इतना कहा, सब ठीक है मम्मी को चोट लग गई है डॉक्टर के यहां हैं। यही बात कहकर हरेंद्र थाने में ही रोने लगे और सिर पकड़कर बैठ गए। बोले आखिर में बेटे को क्या जवाब दूं।