बदायूं जिले में बनाए गए पांच केंद्र
नीट के लिए बदायूं जिले में पांच सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 3114 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कॉलेजों की तरफ से तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक जांच के बाद में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
एपीएस उझानी, टिथोनस इंटरनेशनल स्कूल, ब्लूमिंगडेल स्कूल, मदर एथीना स्कूल और डीपीएस में पांच मई को दोपहर दो से शाम 5:20 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से एंट्री दी जाएगी। अपराह्न 1:30 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक अपनी-अपनी तैयारी में लग गए हैं।
सिटी कोआर्डिनेटर रविंद्र भट्ट ने बताया कि सभी परीक्षार्थी समय से संबंधित सेंटरों पर पहुंच जाए। प्रवेश पर जो नियम लिखे हैं, उनका पालन करें। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ में आधार कार्ड और एक पोस्टकार्ड के बराबर फोटो लेकर आएं।
परीक्षार्थी इन चीजों को लेकर न आएं
परीक्षा केंद्र में कोई भी लिखित पाठ्य सामग्री, ज्योमेट्री या पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, पेन, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, लॉग टेबल, ई- पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, ब्ल्यूटूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, वालेट, गोगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, एटीएम, क्रेडिट, डेबिट कार्ड, प्लास्टिक आईडी कार्ड, कोई भी रिमोट वाली चाबी, कोई भी घड़ी, स्मार्ट वॉच, कैमरा, वाइटनर, धातु की कोई भी वस्तु या खाद्य पदार्थ अपने साथ परीक्षार्थी नहीं लाएं।