बरेली। वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याओं को दूर कराने के लिए सभी ब्लॉक कार्यालयों के सभागार में 20 से 22 अप्रैल तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की ओर से सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
फरीदपुर, भुता, क्यारा, रामनगर, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज के विकास खंड कार्यालयों में 20 अप्रैल को शिविर का आयोजन होगा। फतेहगंज पश्चिमी, आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, भदपुरा ब्लॉक कार्यालयों में 21 अप्रैल को शिविर लगेगा। इसी तरह, भोजीपुरा, शेरगढ़, रिछा और बिथरी चैनपुर के ब्लाॅक कार्यालयों में 22 अप्रैल को शिविर आयोजित होगा। शिविर का समय पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को आदेश दिए हैं कि वे तय तिथि पर ब्लाॅक सभागार में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। सभी जनप्रतिनिधियों को अपने स्तर से इसकी जानकारी दें। ग्राम सचिव, प्रधानों और पंचायत सहायकों की मदद से ग्राम पंचायतों के पात्र लाभार्थियों को शिविर के लिए जागरूक करें, ताकि वे समय पर आकर वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ीं अपनी समस्याओं को समाधान करा सकें। स्वास्थ्य विभाग को भी शिविर में जरूरी व्यवस्थाएं रखने के लिए कहा गया है।