बिशारतगंज। निजी नलकूपों से केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र में पिछले काफी समय से निजी नलकूपों की केबल व ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी की घटनाएं हो रही थीं। गांव मलगांव निवासी कृषक बादाम सिंह ने 13 मई को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि 11 मई को उनके अपने नलकूप की केबल चोरी हो गई। पत्र में आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों में चोर इलाके के करीब 30 नलकूपों की केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
एसएसपी के आदेश पर 14 मई को पुलिस ने केबल चोरों की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह पुलिस ने थाना भमोरा के कस्बा देवचरा से कबाड़ी निसार अहमद को पकड़ा। उसके पास से 14 किलो तार से निकाला गया तांबा, छह किलो 900 ग्राम केबल बरामद की। पुलिस ने भमोरा के ही गांव कुसारी निवासी अरुण कुमार व पवन निवासी गांव कुसारी थाना भमोरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अरुण कुमार व पवन चोरी कर माल कबाड़ी निसार अहमद को बेचा करते थे। संवाद