डेलापीर सब्जी मंडी में खरीदारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पास न दिए जाने से सब्जी और फलों के आढ़ती नाराज
बरेली। मंडी प्रशासन ने डेलापीर की थोक सब्जी-फल मंडी में शनिवार से नई व्यवस्था लागू कर दी। अब मंडी में सुबह तीन बजे से दस बजे तक ही खरीदारी हो पाएगी। रात में सिर्फ बाहर जाने और आने वाले वाहन लोड और अनलोड होंगे। बाकी कारोबार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
लॉकडाउन में भीड़ नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और मंडी परिषद ने पिछले दिनों थोक सब्जी-फल मंडी को दो भागों में विभाजित कर दिया था। अब एक और नई व्यवस्था शनिवार 18 अप्रैल से लागू होगी। मंडी प्रशासन ने थोक सब्जी-फल मंडी में बढ़ते लोड को कम करने के लिए रात में स्थानीय थोक खरीदारी प्रतिबंधित कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब सुबह तीन बजे से दस बजे तक ही पुरानी थोक मंडी परिसर में ठेले वाले खरीदारी कर पाएंगे इसके बाद उनको प्रवेश नहीं मिलेगा। खुदरा ग्राहक का प्रवेश पहले से ही प्रतिबंधित है।
मंडी सचिव अनिल कुमार ने बताया कि थोक सब्जी-फल मंडी में दिन में खरीदारी के बावजूद देर रात तक कारोबार होता रहता था। देर रात तक गली- मोहल्लों में ठेलों से सब्जी-फल बेचने वाले मंडी में जमे रहते थे। देर रात तक मंडी में ठेले लेकर जमे रहने वाले गलियों में सब्जी बेचने वाले नहीं हो सकते हैं, इसलिए मंडी में अनावश्यक भीड़ पर लगाम लगाने के लिए सुबह दस बजे तक ही ठेले वालों को खरीदारी की छूट दी गई है। गल्ला मंडी में लग रहे फड़ यथावत चलेंगे। सचिव ने बताया कि नई व्यवस्था से मंडी आढ़तियों को अवगत करा दिया है।
आढ़तियों को नहीं मिले पास
मंडी प्रशासन ने अभी तक आढ़तियों को प्रवेश पास जारी नहीं किए हैं। इससे आढ़तियोें में आक्रोश है। उनका कहना है कि पास न होने से रास्ते में होने वाली चेकिंग में परेशानी होती है। पुलिस आढ़तियों के वाहनों के चालान के साथ ही उनका उत्पीड़न भी करती है। मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजा रहमान ने बताया कि पिछले कई दिनों से मंडी अफसरों से गुहार लगाई जा रही है कि लॉकडाउन अवधि में लाइसेंसी आढ़तियों के को पास उपलब्ध कराए जाएं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।