बरेली। अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी बनाने वालों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का अभियान लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना सीबीगंज और इज्जत नगर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी में सपा नेता की कॉलोनी सहित तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया।
टीम सबसे पहले सीबीगंज के रौठा गांव में सपा नेता नरेश यादव की कॉलोनी पहुंची। यहां पर आठ हजार वर्ग मीटर में बिना अनुमति के विकास कार्य कराए जा रहे थे। बुलडोजर से चला निर्माण ध्वस्त कर प्लाटिंग पर रोक लगा दी गई। टीम ने इसी गांव में पप्पन की ओर से पांच हजार वर्ग मीटर में विकसित की जा रही कॉलोनी को भी हटाया।
मिनी बाइपास के मठ लक्ष्मीपुर में शौकत अली की ओर से तीन हजार वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां बनाई गई सड़कों के साथ ही चहारदीवारी, साइट ऑफिस को ढहा दिया गया।
विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तीनों ही कॉलोनियों का नक्शा पास नहीं था। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता अजीत साहनी, संदीप कुमार और प्रवर्तन टीम मौजूद रही। संवाद