इज्जतनगर थाने में पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट
बरेली। इज्जतनगर के अब्दुल्लापुर माफी में ज्योति की मौत होने पर पिता नन्हकू ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति राकेश उसे विदा कराकर ले गया और फिर जहर खिला दिया। हालत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गया। इलाज के दौरान ज्योति की मौत हो गई।
इज्जतनगर के गांव अहलादपुर निवासी नन्हकू की बेटी ज्योति की शादी तीन साल पहले अब्दुल्लापुर माफी में रहने वाले राकेश से हुई थी। नन्हकू का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर ज्योति से मारपीट करते थे। कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला। उत्पीड़न ज्यादा बढ़ा तो 18 अक्तूूबर को ज्योति मायके पहुंच गई। शाम को ही पति राकेश वहां पहुंचा और समझाकर ज्योति को साथ ले गया।
नन्हकू का कहना है कि ज्योति को लेकर अपने घर पहुंचने के बाद बुधवार को राकेश ने अपने परिवार वालों की मदद से उसे जहर खिला दिया। हालत बिगड़ी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराकर मायके सूचना दी और फरार हो गए। देर रात मायके वाले अस्पताल पहुंचे तब तक ज्योति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन लोगों ने इज्जतनगर पुलिस को सूचना दी। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराकर ज्योति के शव परिजन को सौंप दिया गया। नन्हकू की तहरीर पर थाना इज्जतनगर में पति राकेश, सास और ननदोई नरेश पाल के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।