यूपी रैंप कार्यशाला में बेहतर उत्पाद, नवाचार, मार्केट एक्सेस, निर्यात संभावना आदि बिंदुओं पर चर्चा
बरेली। औद्योगिक विकास को गति देने, लघु, मध्यम उद्यमों की कार्यक्षमता के सुदृढ़ीकरण के लिए बुधवार को यूपी रैंप (रेजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) कार्यशाला एक होटल में हुई। वक्ताओं ने उद्यमियों को जीरो इफेक्ट–जीरो डिफेक्ट से निर्यात क्षमता बढ़ाने का सुझाव दिया।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (यूपीएसआईसी) की ओर से आयोजित कार्यशाला में उद्योग हित संबंधी सरकारी योजनाओं की वक्ताओं ने जानकारी दी। जेड सर्टिफिकेशन पर सोनल सग्गी ने बताया कि जीरो डिफेक्ट–जीरो इफेक्ट सिर्फ नारा नहीं बल्कि उद्योगों की अहम जरूरत है। ईसीजीसी से ज्ञानेंद्र कुमार ने निर्यात के जोखिम और समाधान के बारे में बताया। कहा कि उद्यमियों को निर्यात में चिंता भुगतान अटकने की होती है, इसे ईसीजीसी बीमा से सुरक्षा मिलती है। सिडबी से रितिक सक्सेना ने वित्तीय योजना, ऋण सुविधा के बारे में बताया। उपायुक्त उद्योग विकास यादव ने उद्योगों में ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक, प्रशासनिक उत्तरदायित्व) पर जोर दिया।
कार्यशाला में एमएसएमई इकाइयों की उत्पादकता एवं गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी उन्नयन, डिजिटलाइजेशन, नवाचार बढ़ाने, बाजार एक्सेस, निर्यात संभावना, उद्यमियों के प्रशिक्षण, सलाहकार सेवा, क्षमता निर्माण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया गया। बीएसई से सुमित सक्सेना, एक्सपोर्ट पॉलिसी पर सीए शशांक गुप्ता ने प्रस्तुतिकरण दिया।
इन्होंने साझा किए औद्योगिक विकास पर विचार
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, उप श्रमायुक्त दिव्य प्रताप सिंह, लघु उद्योग भारती ब्रज संभाग अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, आईआईए चेयरमैन मयूर धीरवानी, चैंबर ऑफ कॉमर्स से राजीव सिंघल, राजेश गुप्ता, भोजीपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अध्यक्ष अजय शुक्ला, आईआईए सचिव रजत मल्होत्रा ने भी विचार साझा किए। ब्यूरो