बरेली। इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में 10 दिवसीय गांधी शिल्प बाजार आठवें दिन बुधवार को और भी भव्य स्वरूप में नजर आया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों ने शिरकत कर हस्तशिल्प कलाओं की सराहना की। आयोजन कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार व उत्तर प्रदेश राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास निगम लिमिटेड, लखनऊ की ओर से किया गया।
मेले के आठवें दिन हस्तशिल्प सेवा केंद्र बरेली के अधिकारी आदित्य कुमार व मुक्तेश पाठक ने भ्रमण किया। देश के कोने-कोने से आए राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पकारों के स्टालों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। बनारसी साड़ी, भदोही के कालीन, खुर्जा की क्रॉकरी, केरल की साड़ी, जूट के बने बैग, उत्तराखंड के उन के कपड़े और लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी के साथ-साथ गृह सज्जा के सामानों की बिक्री हुई।
उत्तर प्रदेश राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास निगम लिमिटेड के प्रतिनिधि संतोष चौहान ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों को खत्म कर शिल्पकारों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना है। आयोजन समिति के मोहम्मद अदनान ने बरेली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिल्प बाजार अब अपने अंतिम चरण में है। ब्यूरो