ब्राह्मणों ने समाज को शिक्षित किया- पाठक
सुशील पाठक ने कहा कि संगठन से बड़ा व्यक्ति नहीं हो सकता। जिसे इस बात पर घमंड है, उसे अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़कर देख लेना चाहिए, औकात पता चल जाएगी। जमानत जब्त न हो जाए तो मैं अपना नाम बदल दूंगा। ब्राह्मण समाज के अपमान पर कहा कि भिक्षा मांगने का नहीं, बल्कि शिक्षा देने का काम ब्राह्मणों ने किया है। अगर किसी को ब्राह्मणों से समस्या है तो वह अपने घरों में वैवाहिक व अन्य संस्कार खुद कर लें।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की मंडल अध्यक्ष नीलिमा पाठक ने कहा कि क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। ब्राह्मणों का अपमान करने वालों को नहीं पता कि स्वतंत्रता की अलख मंगल पांडेय ने ही जगाई थी। कहा कि यह समय जातियों में बंटकर काम करने का नहीं बल्कि सनातन धर्म को मजबूत करने का काम करना चाहिए।
'जाति के आधार पर वैमनस्यता फैलाना गलत'
भारत सेवा ट्रस्ट पर हुई प्रेस वार्ता में कुर्मी बिरादरी के नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर सर्व समाज के लोगों ने आपत्ति जताई है। शुक्रवार को दुनका गांव में बैठक कर जाति के आधार पर वैमनस्यता फैलाने को गलत बताया। कहा कि पार्टी किसी को भी टिकट दे हम हमेशा पार्टी के साथ रहेंगे। व्यक्ति विशेष के लिए पार्टी को दरकिनार करना गलत है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाह रहे डॉ. वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं तो कुछ लोगों ने इंदिरा इज इंडिया, इंडिया इज इंदिरा का नारा दिया था, तो क्या कांग्रेस खत्म हो गई? पार्टी किसी व्यक्ति विशेष से नहीं चलती। एक बड़े वर्ग के समर्थन से ही चुनाव में कोई प्रत्याशी विजेता बनता है।
तेज बहादुर गंगवार, अरविंद गंगवार, सतीश चंद्र गंगवार, सर्वेश गंगवार, लक्ष्मीकांत गंगवार आदि ने कहा हम सभी भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने जिसे भी टिकट दिया उसे विजेता बनाने के लिए सभी मेहनत करेंगे। बैठक में रामबहादुर कश्यप, केवल राम, राकेश कुमार, होरी लाल, बाबू राम आदि मौजूद रहे।