बरेली के बहेड़ी इलाके में ट्रैक्टर मैकेनिक का शव सोमवार को सीकरी गांव के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मैकेनिक ने दो दिन पहले ही एक जमीन का सौदा किया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला टांडा निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री सज्जाद अहमद (60) का शव सोमवार की सुबह सीकरी गांव में ब्रह्मदेव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सिंगौती गांव में उनकी 60 बीघा जमीन है। इसमें से आधी जमीन दो दिन पहले ही उन्होंने बेच दी थी।
दूसरी पत्नी के साथ रहते थे सज्जाद
परिजनों की बीती रात करीब 7:00 बजे सज्जाद से बात हुई थी। उसके बाद से उनका पता नहीं चला। सुबह उनका शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को लगी घर में कोहराम मच गया। सज्जाद मिस्त्री अपनी दूसरी पत्नी के पास रहते थे। उन्होंने ने 14 साल पहले ही पहली पत्नी को छोड़ दिया था।
पहली पत्नी और उससे बच्चे बाईपास पर शमा रेस्टोरेंट के बराबर में रहते हैं। वहीं सज्जाद दूसरी पत्नी के साथ इस्लामनगर मोहल्ले में रहते थे। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।