सांसद संघमित्रा मौर्य और स्वामी प्रसाद
- फोटो : एएनआई
साइबर अपराध के मामले थम नहीं रहे हैं। बदायूं में एक दिन पहले डीएम की प्रशासनिक फेसबुक आईडी हैक कर ली गई। हैकर्स ने अब भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य का निशाना बनाया है। साइबर अपराधियों ने भाजपा सांसद की भी फेसबुक आईडी हैक कर ली है। सांसद की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि सांसद संघमित्रा की आईडी हैक करने के बाद तमाम लोगों को मैसेज भेजे गए थे। जब मैसेज भेजे जाने की सूचना सांसद के पास आई, तब उन्हें आईडी हैक होने के बारे में जानकारी हुई।
इस पर उन्होंने एसएसपी को पत्र सौंपकर कहा कि उनकी आईडी हैक कर उनकी छवि को धूमिल किया जा सकता है या फिर लोगों के साथ ठगी की जा सकती है। उनकी तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। हैकर्स का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
डीएम के मामले में भी एफआईआर
रविवार को डीएम की प्रशासनिक फेसबुक आईडी हैक कर ली गई थी। इस आईडी से भी लोगों को मैसेज भेजे गए थे, तब डीएम को इसकी जानकारी हुई। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। छानबीन की जा रही है।