निकाले जाएंगे 12 जुलूस
महाशिवरात्रि पर शहर में 12 जुलूस निकाले जाएंगे। इसके अलावा शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु उमड़ेंगे। पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। शहर क्षेत्र के सौ मंदिरों में पिकेट तैनात की जाएगी। जुलूसों के साथ अर्धसैनिक बल रहेंगे।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि मंदिरों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस पिकेट रहेगी। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। एक कंपनी एसएसबी जिले में आ गई है। सात मार्च को दो कंपनी सीआरपीएफ भी आ जाएगी। साढ़े तीन कंपनी पीएसी जिले में मौजूद है। पुराने शहर में विशेष निगरानी रहेगी।
पर्व के साथ चुनाव की भी करें तैयारी
महाशिवरात्रि व होली के साथ ही पुलिस चुनावी तैयारियों में जुट गई है। पुलिस लाइन के सभागार में आईजी व एसएसपी ने चौकी प्रभारियों व थानेदारों को जरूरी निर्देश दिए। आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई तेज करें। मतदानों केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा के लिए जरूरी प्रबंध कर लें।
दूसरे राज्यों की सीमाओं पर बने चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जाए। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कहा कि रमजान, होली व शिवरात्रि के मद्देनजर निकाली जाने वाली शोभायात्राओं के मार्ग, मंदिरों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था देखी जाए। होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर लें, ताकि विवाद की स्थिति न रहे।