बरेली में एक भाजपा नेता पर नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा है। रिटायर्ड फौजी ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं भाजपा नेता ने आरोप निराधार बताए हैं।
बरेली के सीबीगंज में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुकेश बाबू वाल्मीकि ने एक सेवानिवृत्त फौजी से उनके बेटे को (भारतीय खाद्य निगम) एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 10.30 लाख रुपये ठग लिए। उसे राजस्थान में फर्जी प्रशिक्षण दिलाने के बाद एफसीआई के जयपुर हेड क्वार्टर भेज दिया गया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
मुरादाबाद के भगतपुर मानपुर थाना क्षेत्र के गांव संमदा चतुर्भुज निवासी लल्लन लाल ने तहरीर में बताया है कि वह सेवानिवृत्त फौजी हैं। उनकी मुलाकात सीबीगंज के खलीलपुर निवासी भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुकेश बाबू से हुई। उनका मुरादाबाद में आना-जाना लगा रहता था।
राजस्थान में आठ महीने प्रशिक्षण पर रखा
मुकेश बाबू ने कहा कि वह उनके छोटे बेटे विकास कुमार की एफसीआई में नौकरी लगवा देंगे। अभी एक लाख रुपये का चेक दे दो। उन्होंने अपने मित्र गुरनाम सिंह से एक लाख रुपये उधार लेकर अपने नाम का एक लाख रुपये का चेक दे दिया। इसके बाद छोटे को राजस्थान में एक स्थान पर आठ माह के प्रशिक्षण के लिए रखा गया।
Trending Videos
कहा- अब ज्वाइनिंग हो जाएगी
आठ माह बीतने पर उनसे कहा गया कि अब उनकी ज्वाइनिंग हो जाएगी। दस लाख तीस हजार रुपये उन्हें दे दो। उन्होंने यह रकम दे दी। फिर तैनाती के लिए छोटे को एफसीआई के जयपुर स्थित हेड क्वार्टर भेज दिया गया। वहां बताए गए नाम के अधिकारियों में से कोई नहीं मिला। उन्होंने इस बात की जानकारी हेडक्वार्टर में की तब पता लगा कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को अवगत कराया।
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकेश बाबू वाल्मीकि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इधर, भाजपा नेता मुकेश बाबू ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा है कि उनके संगठन के ही कुछ नेताओं के इशारे पर उन्हें फंसाया जा रहा है। उनके खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं होगा।