शाहजहांपुर जिले के तिलहर में किसान सहकारी चीनी मिल के एक कर्मचारी की पुत्रवधू ने रविवार को सरकारी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। लगातार तीसरी बच्ची के जन्म पर प्रसूता और उसके परिजन नवजात को अस्पताल में स्टाफ नर्स के हवाले करके घर चले गए।
बाद में चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक के दबाव पर कर्मचारी नवजात को घर लेकर गया। चीनी मिल कर्मचारी के बड़े बेटे का तीन दिन पहले पुत्र हुआ था। वह उसे ले गया था। रविवार को उसके छोटे पुत्र की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। उसके दो बेटियां पहले से हैं।
बच्ची के जन्म के बाद वह मानसिक रूप से कुछ परेशान हो गई। वह नवजात को वहीं छोड़कर चली गई। तिलहर सीएचसी प्रभारी डॉ. कमरुज्जमा मां का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण घर जा चुके थे। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने नवजात के परिजन की तलाश करते हुए उन्हें फोन पर बुलाया लेकिन वे नहीं आए।
बताते हैं कि इस बीच चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को फोन मिलाया गया। वह बाहर गए हुए थे। बाद में उनके दबाव पर मिल कर्मचारी रविवार रात 11 बजे अस्पताल पहुंचा और नवजात पौत्री को अस्पताल प्रशासन से लेकर घर गया।