भोजीपुरा में शाही रोड पर वारदात, नाजुक हालत में घायल अस्पताल में भर्ती
भोजीपुरा/बरेली। भोजीपुरा इलाके में पड़ोसी गांव से दावत खाकर लौट रहे ग्रामीण को रास्ते में घेरकर तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से बुरी तरह पिटाई लगाने के बाद उसकी बाइक और ढाई हजार रुपये लूट लिए। ग्रामीण को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजीपुरा के जालिम नगला गांव निवासी शिवचरन ने मंगलवार सुबह भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट कराई। उसने बताया कि शेरगढ़ थाने के गांव रम्पुरा में उनके साले श्याम बिहारी रहते हैं। सोमवार को जालिम नगला के नजदीकी गांव गोपालपुर में उनके परिचित के यहां दावत थी। श्याम बिहारी वहां दावत खाने आए थे। रात में श्यामबिहारी बाइक से अपने गांव जाने को शेरगढ़ रोड पर निकले। खानपुर मोड़ पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने श्यामबिहारी को रोक लिया। उन्हें लोहे की रॉड व डंडों से बुरी तरह पीटा। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। लुटेरे उनकी स्पलेंडर बाइक, मोबाइल और करीब ढाई हजार रुपये लूट ले गए। श्यामबिहारी को गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर भोजीपुरा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट लिख ली गई है। लुटेरों की पहचान करने के साथ आसपास के शातिरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।