बरेली जंक्शन पर यात्रियों का सामान चेक करती जीआरपी।
इज्जतनगर और सिटी स्टेशन पर भी की गई चेकिंग
बरेली। किसान संगठनों के सोमवार को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ ने रविवार को जंक्शन पर संयुक्त रूप से चेकिंग की। इसके बाद रात को ही जंक्शन के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर फोर्स तैनात कर दी गई।
इंस्पेक्टर जीआरपी अनीराम और इंस्पेक्टर आरपीएफ विपिन सिसौदिया ने फोर्स के साथ प्लेटफार्म, सरकुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम, बुकिंग ऑफिस, सेकेंड एंट्री पर यात्रियों की तलाशी ली। जंक्शन पर पहुंची जम्मूतवी-कोलकाता सियालदह, नई दिल्ली-वाराणसी श्रमजीवी एक्सप्रेस आदि कई ट्रेनों को भी चेक किया गया। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए रिहर्सल किया गया। जीआरपी इंस्पेक्टर अनीराम ने बताया कि किसानों के भारत बंद को लेकर चेकिंग की गई।
रविवार रात ही प्लेटफार्म पर प्रवेश करने वाले मुख्य गेट, सुभाषनगर की ओर सेकेंड एंट्री आदि स्थानों पर फोर्स तैनात कर दी गई। सिटी स्टेशन और इज्जतनगर स्टेशन पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि लखनऊ और दिल्ली आने वाली ट्रेनों की विशेष चेकिंग की जाएगी। उधर, किसान एकता संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि नागर ने बताया कि शहर में किसानों के समर्थन में बाजार को बंद कराया जाएगा। अनेक मजदूर संगठन, ट्रेड यूनियन, किसान संगठन, सामाजिक संगठन सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट पर जमा होकर शांतिपूर्ण ढंग से बाजार बंद कराएंगे।