बरेली। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को शहर के 28 परीक्षा केंद्रों पर होगी। केंद्र प्रभारियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने, सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी सक्रिय करने और परिसर को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा की निगरानी करेंगे। एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा में बरेली में 12908 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
प्रवेश परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बृहस्पतिवार को अफसरों ने 28 केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। नकलविहीन और शुचिता बरकरार रखने के लिए कड़ी निगरानी रहेगी। परीक्षा में किसी तरह की अराजकता के मद्देनजर अति संवेदनशील केंद्रों पर जैमर भी लगाए जा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा से घंटे भर पहले पुलिस की निगरानी में प्रश्नपत्र केंद्र तक पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ से 11 बजे तक और दूसरी दोपहर दो से पांच बजे तक होगी। ब्यूरो