डोहरा रोड और केके अस्पताल रोड पर शुरू हुआ काम
बरेली। बीडीए सौ करोड़ की लागत से छह सड़कों का निर्माण कराने जा रहा है। इनमें सीबीगंज से झुमका तिराहे तक की सड़क प्रमुख है। इसके अलावा स्वयंवर बरात घर से शील चौराहे होते हुए रामजानकी मंदिर, केके अस्पताल रोड और बिचपुरी में एग्जीक्यूटिव क्लब तक एक किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। डोहरा रोड पर 14 करोड़ की लागत से काम शुरू किया जा चुका है।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि सीबीगंज से झुमका तिराहे तक दस किमी की फोरलेन सड़क पर बीच में दोमीटर चौड़ा डिवाइडर रहेगा जिसमें पौधे लगाए जाएंगे और लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इस सड़क पर बिजली-पानी समेत सभी लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। केके हॉस्पिटल रोड का भी निर्माण शुरू करा दिया गया है। बिचपुरी में एग्जीक्यूटिव क्लब तक एक किमी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा जो रामगंगा नगर परियोजना को भी जोड़ेगी। चार सड़कें फोरलेन और दो छह लेन की होंगी।
डोहरा रोड का चौड़ीकरण शुरू हो गया है। सड़क के बीच डिवाइडर पर पौधे लगाए जाएंगे। यहां भी लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। सड़क किनारे अंडरग्राउंड नाले का निर्माण भी किया जा रहा है।