बरेली। बदायूं रोड पर महेशपुर ठाकुरान में नक्शा स्वीकृत कराए बगैर बनाई जा रही तीन कॉलोनियों पर बुधवार को बीडीए ने बुलडोजर चला दिया। तीनों कॉलोनियां 30 बीघा जमीन में बनाई जा रही थीं। बीडीए अफसरों के मुताबिक बदायूं रोड पर महेशपुर ठाकुरान में कृष्ण पाल की ओर से आठ बीघा जमीन पर कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था। यहां सड़क बनाकर प्लॉटों की बिक्री शुरू कर दी गई थी।
बीडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। महेशपुर ठाकुरान में ही गौरव सक्सेना समेत कुछ अन्य बिल्डर दस बीघा जमीन पर कॉलोनी बना रहे थे। यहां भी सड़क डालकर प्लॉट बेचने शुरू कर दिए गए थे। नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसके अलावा सौरभ सक्सेना की ओर से 12 बीघा जमीन पर कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था।
इसकी भी बीडीए की अनुमति नहीं ली गई थी। बीडीए की ओर से तीनों कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किया गया था लेकिन न निर्माण रोका गया और न कोई जवाब दिया गया। इस पर बुधवार को बीडीए की टीम ने वहां बुलडोजर चला दिया।