फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शर्मिंदा करती है बीडीए कॉलोनी... रिश्तेदार भी घर नहीं आते

विज्ञापन
बीडीए की कॉलोनी का हाल। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
करगैना की कॉलोनी में सालों पहले उखड़कर गायब हो चुकी हैं सड़कें, हर तरफ भरा रहता है नाले-नालियों का गंदा पानी
विज्ञापन

बरेली। करगैना में बसी बीडीए की कॉलोनी के नजारे यह बताने को काफी हैं कि विकास कराने को आतुर रहने वाले अफसरों और नेताओं की नजर सालों से इस कॉलोनी पर पड़ी ही नहीं। कॉलोनी में रहने वाले लोग इन विकास पुरुषों के कानों तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए पूरा दम लगा चुके हैं लेकिन इसमें भी कामयाब नहीं हुए। असहाय मुद्रा में ये लोग कहते हैं कि दुर्दशाग्रस्त कॉलोनी में रहना इस कदर शर्मिंदगी भरा हो गया है कि अब उनके रिश्तेदार भी उनके घर आने से कोई न कोई बहाना बनाकर कतरा जाते हैं।
बीडीए की इस कॉलोनी में ज्यादातर रास्ते बुरी तरह खराब हैं, ऊपर से उन पर नाले और नालियाें का गंदा पानी भरा हुआ है। सड़कों और घरों के आसपास इस जलभराव की वजह से पूरी कॉलोनी में दुर्गंध फैली रहती है। मच्छरों की भरमार है लिहाजा लोग साल भर बीमारियों से भी जूझते रहते हैं। सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि घर से निकलकर कहीं आने-जाने में लोगों को और भी ज्यादा संघर्ष करना पड़ता है। गंदगी और जलभराव की वजह से ऐसी भी कोई जगह नहीं बची है जहां बच्चों को खेलने-कूदने की सुविधा मिल पाए।
विज्ञापन

कॉलोनी में न स्कूल वैन आती है न
ही गैस एजेंसी का डिलीवरी ब्वाय
नालों का गंदा पानी सिर्फ कॉलोनी के ऊबड़खाबड़ अंदरूनी रास्तों पर ही नहीं बल्कि मुख्य मार्ग से कॉलोनी को जोड़ने वाले रास्ते पर भी भरा रहता है। कॉलोनी के लोग बताते हैं कि उनकी तो इन्हीं रास्तों पर आवाजाही करना मजबूरी है लेकिन कॉलोनी की हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कॉलोनी में गैस एजेंसी के डिलीवरी ब्वाय और स्कूल बसों ने भी आना बंद कर दिया है। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए उन्हें बमुश्किल मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। रास्तों पर अक्सर लोग गिरते और चुटैल होते रहते हैं। कहीं जाना हो तो महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा मुसीबत झेलनी पड़ती है।
बरसात में और बढ़ जाती हैं दिक्कतें
बीडीए कॉलोनी के लोगों ने बताया कि जलभराव के हालात लगभग पूरे साल रहते हैं। बरसात के मौसम में और भी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसाती पानी भरने से कॉलोनी तालाब में तब्दील हो जाती है जिसमें भारी तादाद में मच्छर भी पैदा हो जाते हैं। इससे बीमारियां फैलती हैं। सालों से वह यही सब भुगतते आ रहे हैं। कई बार अधिकारियों से फरियाद की लेकिन किसी ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।
दो लोगों की दबंगई भी झेल रहे हैं कॉलोनी वाले
बीडीए कॉलोनी की गली नंबर एक के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले बीडीए ने कॉलोनी में नाली बनाने का काम शुरू कराया था जिसे कॉलोनी के दो लोगों ने निजी स्वार्थ की वजह से रुकवा दिया और बीडीए के कर्मचारियों और मजदूरों को भगा दिया। नाली का निर्माण पूरा न होने की वजह से 50 से ज्यादा घरों का पानी सड़क पर भरा रहता हैं। इस समस्या के बारे में उन लोगों ने क्षेत्रीय विधायक और बीडीए अफसरों को कई पत्र भी लिखे लेकिन न विधायक ने उनका संज्ञान लिया न अफसरों ने।
सांस लेना मुश्किल है, और क्या कहें
कॉलोनी में जलभराव से काफी परेशानी होती है। हर तरफ गंदा पानी भरा होने से दुर्गंध के मारे बुरा हाल है। यहां रहना काफी परेशानी और मुश्किल भरा होता जा रहा है। अब तो यहां सांस लेने में भी परेशानी होने लगी है। - सोमवती
घर के तमाम जरूरी काम होते हैं लेकिन बार-बार घर से आने-जाने में डर लगता है। जलभराव और खराब सड़क के कारण तमाम बार लोग गिरकर बुरी तरह चुटैल हो चुके हैं। हालत इतनी बुरी है कि अब रिश्तेदार भी घर नहीं आते। - विमल
कुछ लोगों के कारण बीडीए ने नाली का निर्माण रोक दिया है। हम लोग बीडीए अफसरों से कई बार समस्या का समाधान कराने के लिए कह चुके हैं लेकिन न किसी पर कोई कार्रवाई हो रही है न बीडीए रुका हुआ काम पूरा करा रहा है। - एमएल सागर
मच्छर और गंदे पानी से होने वाली बीमारियों की चपेट में आने का डर हमेशा बना रहता है। यहां रहना काफी मुश्किल हो गया हैं। हालत खराब हैं, बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर नहीं निकल सकते। पार्क में भी गंदा पानी भरा हुआ है। - अशोक कुमार
विज्ञापन

बाहर जाना ही नहीं, घर में भी रहना मुश्किल हो गया हैं। कई बार सड़क पर भरा गंदा पानी घरों में आ जाता है। इस वजह से कॉलोनी के तमाम घरों में हमेशा दुर्गंध भरी रहती है। रसोई गैस का डिलीवरी ब्वाय तक हमारी कॉलोनी में नहीं आता। - कृष्णादेवी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें