बरेली। विधायक बनते ही विवादित भाषण देने वाले सपा विधायक शहजिल इस्लाम नई-नई सांसतों में घिरते जा रहे हैं। उनकी कई संपत्तियों पर कार्रवाई के बाद बीडीए अब ऐसी संपत्तियों की भी तलाश कर रहा जिनमें उनकी पार्टनरशिप है। बताया जा रहा है कि बीडीए इन सभी संपत्तियों पर कार्रवाई करेगा। सोमवार को इसकी शुरुआत नोटिस जारी करके की जाएगी।
शहजिल इस्लाम एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बड़े बोलने के बाद लगातार घिरे हुए हैं। बीडीए की टीम परसाखेड़ा में उनके पेट्रोल पंप को नक्शा स्वीकृत न होने की वजह से मटियामेट कर चुका है। इसके बाद उनके फार्म हाउस, दो बैंक्वेट हॉल और मार्केट को भी नोटिस जारी कर स्वीकृत नक्शे मांगे जा चुके हैं। बीडीए इतने पर भी रुकने को तैयार नहीं है। अब उन संपत्तियों की तलाश की जा रही है जिनमें शहजिल इस्लाम की साझेदारी है।
सूत्रों के मुताबिक पीलीभीत बाईपास पर उनकी साझेदारी वाली कुछ व्यावसायिक संपत्तियों चिह्नित कर ली गई हैं। इसके साथ और छानबीन भी की जा रही है। बीडीए के अधिकारियों के मुताबिक इन संपत्तियों पर सोमवार को नोटिस कर दिए जाएंगे। अगर ये संपत्तियां अवैध होंगी तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
शहजिल की साझेदारी वाली करोड़ों की संपत्तियां चिह्नित
पीलीभीत बाईपास पर बनी कॉलोनी।
पीलीभीत बाईपास पर ही नई मस्जिद के पास तीन बीघे में बनी एक कोठी।
सेटेलाइट चौराहे और डोहरा रोड पर बने दो बरातघर।
बीसलपुर तिराहे से पहले स्थित एक और बड़ा बरातघर।
नावल्टी चौराहे पर वक्फ जमीन पर बना मार्केट।
बीडीए के सीमा क्षेत्र में जो भी निर्माण अवैध हैं, प्राधिकरण की ओर से उन्हें चिह्नित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यह सबकुछ सामान्य प्रक्रिया के तहत ही हो रहा है। - जोगिंदर सिंह, वीसी, बीडीए
शहजिल के स्वागत कार्यक्रम में शामिल सपा नेता भी नहीं बचेंगे
सपा विधायक शहजिल इस्लाम को जो बयान भारी पड़ा, वह उन्होंने दो अप्रैल को आकाशपुरम कॉलोनी में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पिछले कार्यकाल में सदन में सपा के कम विधायक होने की वजह से उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि इस बार सदन में सपा के विधायकों की संख्या अच्छी-खासी है। इस बार उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई तो सदन में बंदूकों से गोलियां चलेंगी।
शहजिल इस्लाम के भाषण का वीडियो वायरल होने के बाद ही बीडीए ने साल भर से दबी फाइल निकालकर उनके पेट्रोल पंप पर कार्रवाई की थी। सूत्रों के मुताबिक शहजिल का विवादित भाषण अभी कई और रंग दिखा सकता है। उनके स्वागत कार्यक्रम के वीडियो और फोटो देखकर उसमें शामिल दूसरे सपाइयों को भी चिह्नित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का संचालन कर रहे सपा नेता पर भी कार्रवाई की तैयारी हो रही है। बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले बीडीए की कॉलोनी रामगंगा नगर से अवैध निर्माण हटाने के बाद भीड़ ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। कहा जा रहा है कि उस भीड़ को भड़काने में भी इसी सपा नेता का हाथ था। बीडीए के अफसर के मुताबिक कार्यक्रम में शामिल बाकी सपा नेताओं की भी संपत्तियाें की जांच की जा रही है। उन्हें नोटिस देने के बाद कार्रवाई होगी।