बरेली। बहेड़ी-किच्छा के बीच ब्लॉस्ट क्लीनिंग मशीन (बीसीएम) डिरेल होने से आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस व एक स्पेशल ट्रेन दो से ढाई घंटे लेट हो गई। वहीं कई मालगाड़ियां भी प्रभावित हुईं। इस कारण ट्रैक चार घंटे तक बाधित रहा।
घटना बुधवार तड़के सुबह करीब तीन बजे की है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक बहेड़ी स्टेशन पर दो ब्लॉस्ट क्लीनिंग मशीनें काम करने किच्छा से आईं थीं। काम पूरा कर एक मशीन चली गई। वहीं उसके पीछे आ रही दूसरी मशीन पटरी से उतर गई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर रेल मंडल में हड़कंप मच गया और लालकुआं से रिलीफ टीम बुलाई गई। दो घंटे 45 मिनट की मशक्कत के बाद सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (स्पार्ट मशीन) की मदद से करीब सुबह 5:45 बजे बीसीएम को पटरी पर लाया जा सका। इसके बाद ट्रैक को चेक किया गया और सुबह लगभग सात बजे ट्रैक को फिट घोषित कर ट्रैक बहाल हो सका। इसकी रिपोर्ट मंडलीय अधिकारियों को भेजी गई है। वहीं इसमें किसकी लापरवाही है, इसकी जांच भी चल रही है।
हादसे की वजह से 15055 आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस को देवरनियां स्टेशन पर करीब सवा दो घंटा रोका गया। वहीं दूसरी ओर 05046 राजकोट-लालकुआं स्पेशल ट्रेन भी ढाई घंटे तक रुकी रही।
- स्टेशन मास्टर के प्वाइंट नॉर्मल करने के बाद हुआ हादसा
रेलवे सूत्रों की माने तो एक बीसीएम निकलने के बाद दूसरी बीसीएम ने जैसे ही शंट सिग्नल पार किया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर ने प्वाइंट रिवर्स से नॉर्मल कर दिया। इसकी वजह से दूसरी मशीन के आगे की ट्रॉली के चारों चक्के पटरी से उतर गए। इसका जिक्र मंडलीय अधिकारियों को भी हादसे की यह ही वजह बताई गई है। वहीं अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। संवाद