कलेक्ट्रेट के मुख्यद्वार पर सुरक्षा व्यवस्था में लगें पुलिस के जवान।
आईजी पुलिस विजय प्रकाश ने कहा है कि जोन के रामपुर, बदायूं और संभल जिलों पर विशेष नजर है। इन जिलों में लड़ रहे प्रत्याशियों तथा वहां की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इन जिलों के लिए प्रदेश मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधिकारी तथा फोर्स की व्यवस्था भी की गई है। सभी थाना प्रभारियों, सीओ, एसएसपी से सुरक्षा को लेकर सीधे संवाद भी किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लें। मतदान के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को गिरफ्तार करके जेल भेजने के निर्देश दिए हैं। चाहे वह बड़ा नेता क्यों न हो।
आईजी ने बताया कि निरोधात्मक कार्रवाई के बाद थाना क्षेत्रों में खुले घूम रहे अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को पुलिस हिरासत में बैठा लिया जाए। क्योंकि वह मतदान के दौरान झगड़ा फसाद कर सकते हैं या फिर उनके घूमने से झगड़े की आशंका बनी रहती है। उन्होेंने कहा कि नवाबगंज की घटना के बाद इस क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि वह किसी सीनियर अफसर को गांव में कैंप कराएं। इस विधानसभा क्षेत्र पर एसपी स्तर के अधिकारी से कड़ी चौकसी कराई जाए।