गुजरात पुलिस युवक का शव लेकर बृहस्पतिवार को बरेली पहुंची। पुलिस के मुताबिक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।
गुजरात में बरेली के युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुजरात पुलिस बृहस्पतिवार को उसका शव लेकर बरेली पहुंची। मृतक के परिजनों ने महिला समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
सुभाष नगर के अंगुरी टांडा निवासी अरशद के मुताबिक उनका 22 वर्षीय बेटा शब्बू खां खेतीबाड़ी करता था। दिसंबर में पड़ोस की विवाहिता उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। एक दिन पहले ही बेटे की मौत होने की सूचना मिली। उन्हें शक है कि महिला और उसके साथियों ने शब्बू की हत्या की है।
अरशद अपनी पत्नी के साथ शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस का कहना है कि मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का है।